फर्जी लोन रैकेट का खुलासा: 27.5 लाख की ठगी करने वाला आदतन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

रायपुर। फर्जी लोन दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी करने वाले आदतन आरोपी को पंडरी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़ित के नाम पर अलग-अलग बैंकों से करीब 27 लाख 50 हजार रुपये का लोन निकालकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।
मामले में प्रार्थी कृष्णा राव की शिकायत पर पंडरी थाने में अपराध दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी होरीलाल पंकज और उसके सहयोगी ने लोन दिलाने का झांसा देकर नगद राशि और दस्तावेज लिए, फिर उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न बैंकों से लोन निकाल लिया।
शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 18 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी होरीलाल पंकज का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ कांकेर और जांजगीर-चांपा जिलों में पहले से धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे फर्जी लोन रैकेट की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की जांच कर रही है।



