जूडो चैंपियन रंजीता कुरैठी के सपनों को पंख देंगे डिप्टी सीएम: खेल मंत्री अरुण साव ने फौरन दी सहायता की मंजूरी

रायपुर में आज छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने उपमुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान डॉ. शर्मा ने कोंडागांव बाल गृह की पूर्व छात्रा और जूडो की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी रंजीता कुरैठी की उपलब्धियों और संघर्ष की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल वीडियो कॉल के जरिए खिलाड़ी रंजीता से बात की और उनके हौसले की सराहना की। उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रंजीता को जापान में विशेष प्रशिक्षण दिलाने और उनके मासिक पोषक आहार के लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था तुरंत की जाए।
डॉ. वर्णिका शर्मा ने बताया कि आयोग द्वारा संचालित सार्थक अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर संस्थान छोड़ने वाले बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं और रंजीता की सहायता इसी कड़ी का हिस्सा है। इस बैठक में केवल खेल ही नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई। डॉ. शर्मा ने नगरीय क्षेत्रों में खुले गड्ढों की घेराबंदी करने, आवारा कुत्तों से बच्चों के बचाव और खेल मैदानों को सुरक्षित बनाने का सुझाव दिया। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने इन विषयों की संवेदनशीलता को स्वीकार करते हुए इन्हें आगामी विभागीय बैठक में शामिल करने और त्वरित ठोस कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।



