नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा की शपथ लेंगे, बाद में सीएम पद से देंगे इस्तीफा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार, वह 9 अप्रैल को दिल्ली पहुंचेंगे। उनकी शपथ राज्यसभा के सभापति के चैंबर में आयोजित की जाएगी। इसके बाद वह पटना जाकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। खरमास समाप्त होने के बाद 14 अप्रैल से बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने हाल ही में विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। बिहार में लगभग 20 वर्षों तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नीतीश वर्ष 2006 से लगातार विधान परिषद के सदस्य थे। उनके इस्तीफे के बाद से प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई थी और इस बात के कयास लगाए जाने लगे थे कि बिहार में नई सरकार का गठन कब होगा।
नियमों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति राज्यसभा के लिए निर्वाचित होता है, तो उसे 14 दिनों के भीतर विधानसभा की सदस्यता छोड़नी होती है, अन्यथा उसकी राज्यसभा की सदस्यता समाप्त हो सकती है।
नीतीश के बाद कौन होगा अगला मुख्यमंत्री?
नीतीश कुमार के अगले कदम को लेकर अभी भी कई कयास लगाए जा रहे हैं। राज्यसभा की शपथ लेने के बाद वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद खरमास के बाद बिहार में नई सरकार का गठन होने की संभावना है।
जेडीयू नेताओं का स्पष्ट कहना है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पसंद का होगा, जो उनकी विरासत को आगे बढ़ा सके, उनकी राजनीतिक शैली को बरकरार रख सके और नीतीश के पुत्र निशांक को भी साथ लेकर चले। साथ ही, मंत्रिमंडल के फॉर्मूले में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार ने 2005 में पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और तब से वह कई बार इस पद पर रहे हैं।




