कुशीनगर में चीख-पुकार: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली 30 फीट नीचे नहर में गिरी, 4 की मौत और दर्जनों घायल, सीएम योगी ने जताया दुख

कुशीनगर। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में करीब 30 फीट नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
यह घटना घुघली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर बड़हरा गांव के करीब 50 श्रद्धालु रायणी नदी में स्नान के लिए भैंसहा जा रहे थे। इसी दौरान टोला सिसई के पास नहर की पटरी पर बनी सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर की सहायता से ट्रॉली को नहर से बाहर निकाला गया और उसके नीचे दबे लोगों को सुरक्षित निकालकर तुर्कहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बताया जा रहा है कि नहर में पानी कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं Yogi Adityanath ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


