नवा रायपुर बनेगा कपड़ा उद्योग का नया केंद्र: 235 करोड़ के निवेश से लगेगी पहली यूनिट, 4650 लोगों को मिलेगा रोजगार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में गुरुवार को बड़ा कदम उठाया गया। नवा रायपुर में विकसित किए जा रहे टेक्सटाइल पार्क में पहली कपड़ा निर्माण इकाई का भूमिपूजन किया गया। इस परियोजना में 235 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जिससे करीब 4650 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने संयुक्त रूप से इस परियोजना का शुभारंभ किया। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां कपड़ा और परिधान निर्माण इकाई स्थापित कर रही है।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कपड़ा उद्योग रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम है। इससे खासकर युवाओं और महिलाओं को अपने प्रदेश में ही काम के अवसर मिलेंगे। सरकार का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाकर लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
81 एकड़ में विकसित हो रहा आधुनिक टेक्सटाइल पार्क
नवा रायपुर में 81 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां निवेशकों के लिए सड़क, बिजली, पानी, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं तैयार की जा रही हैं।
सरकार का दावा है कि बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के कारण यह पार्क देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल हो सकता है।
तीन कंपनियों को जमीन, 11 हजार से ज्यादा रोजगार की उम्मीद
टेक्सटाइल पार्क में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इन तीनों परियोजनाओं में कुल करीब 445 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
स्विफ्ट टेक्सटाइल्स मुख्य रूप से बच्चों के कपड़े तैयार करेगी। कंपनी का फोकस अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए परिधान निर्माण पर रहेगा।
नई औद्योगिक नीति का दिख रहा असर
राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति में कपड़ा और रेडीमेड परिधान क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत रोजगार देने वाले उद्योगों को प्रोत्साहन और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सरकार के अनुसार पिछले 18 महीनों में प्रदेश को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क अब छत्तीसगढ़ को देश के उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


