अवैध खनिजों के कारोबार पर खनिज विभाग का प्रहार, जांच दल ने अलग-अलग इलाकों से जब्त किए 16 वाहन

जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाया। जांच दल ने पिछले नौ दिनों में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 16 वाहनों को जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान रेत, चूना पत्थर और लाल ईंट का अवैध परिवहन कर रहे ट्रैक्टर, हाइवा और टिप्पर पकड़े गए। ये वाहन ग्राम कंगोली, परपा, बालेंगा, लालबाग और पल्लीनाका क्षेत्रों से गुजर रहे थे। इसके अलावा मूतनपाल क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन करते हुए एक चेन माउंटेड पोकलेन मशीन भी जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दी गई।
अवैध उत्खनन और परिवहन के सभी 16 प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई है।



