इंदौर की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, धुएं से दहला इलाका; दीवार तोड़कर अंदर पहुंची दमकल टीम

नई दिल्ली/इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शुक्रवार को एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। नवदापंथ इलाके में स्थित फैक्ट्री से अचानक उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि फायर ब्रिगेड की टीम को अंदर पहुंचने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दमकल विभाग के सब-इंस्पेक्टर संतोष दुबे ने बताया कि फैक्ट्री तक पहुंचने का सीधा रास्ता नहीं था। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अंदर नहीं जा पा रही थीं। ऐसे में टीम को मजबूरी में एक दीवार तोड़नी पड़ी। दीवार हटाने के बाद ही दमकल कर्मी फैक्ट्री परिसर में दाखिल हो सके और आग बुझाने का अभियान तेज किया गया।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में प्लास्टिक उत्पाद बनाए जाते थे। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने की वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। हालात को देखते हुए 6 से 7 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। इसके अलावा लगातार पानी की सप्लाई के लिए करीब 25 पानी के टैंकर भी मंगाए गए।
कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया। फिलहाल अंदर कूलिंग और जांच का काम जारी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
आग लगने की असली वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

