नया रायपुर IIIT में बड़ी चोरी: परीक्षा देने गए थे छात्र, पीछे से हॉस्टल में घुसकर 15 लैपटॉप ले उड़े चोर

रायपुर। राजधानी के हाई-टेक इलाके नया रायपुर में चोरों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दी हैं। नया रायपुर स्थित ट्रिपल आईटी (IIIT-NR) जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए हॉस्टल के कमरों से करीब 15 लैपटॉप पार कर दिए हैं। घटना के बाद से कैंपस में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

काम का बहाना बनाकर घुसे, फिर मचाई तबाही
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना राखी थाना क्षेत्र की है। शातिर चोरों ने कैंपस में दाखिल होने के लिए ‘काम’ का बहाना बनाया। उन्होंने प्रबंधन और सुरक्षाकर्मियों को झांसा दिया कि वे किसी जरूरी काम से हॉस्टल जा रहे हैं। चोरों ने वारदात के लिए उस वक्त को चुना जब छात्र हॉस्टल में नहीं थे। बताया जा रहा है कि सभी छात्र अपनी परीक्षा (Exam) देने के लिए गए हुए थे। हॉस्टल खाली पाकर चोरों ने एक के बाद एक कई कमरों को निशाना बनाया और छात्रों के कीमती लैपटॉप बटोर कर आसानी से रफूचक्कर हो गए।
CCTV में कैद हुई संदिग्धों की तस्वीरें
जब छात्र परीक्षा देकर वापस लौटे, तो कमरों का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। तत्काल इसकी सूचना प्रबंधन और पुलिस को दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह पूरी करतूत सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में चोर संदिग्ध अवस्था में हॉस्टल के गलियारों में घूमते नजर आ रहे हैं। राखी थाना पुलिस अब इन विजुअल्स के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
सुरक्षा पर उठे सवाल, छात्रों में भारी नाराजगी
इतने बड़े और सुरक्षित माने जाने वाले संस्थान के भीतर घुसकर इस तरह की चोरी होना सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। छात्रों का कहना है कि अगर बाहरी लोग इतनी आसानी से हॉस्टल के कमरों तक पहुंच सकते हैं, तो उनकी सुरक्षा का क्या? छात्रों ने प्रबंधन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है। पुलिस ने फिलहाल लिखित शिकायत दर्ज कर ली है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।



