राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपियों को बड़ा झटका, शिलांग कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

इंदौर/शिलांग। बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी राज कुशवाहा समेत चारों आरोपियों को बड़ा झटका लगा है। शिलांग कोर्ट ने सभी आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद साफ हो गया है कि फिलहाल आरोपियों को जेल में ही रहना होगा।
जानकारी के अनुसार, राज कुशवाहा ने दूसरी बार जमानत के लिए आवेदन किया था। इससे पहले भी उसकी जमानत याचिका कोर्ट खारिज कर चुकी थी। इस बार आरोपी पक्ष को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त रुख अपनाया और याचिका नामंजूर कर दी।
इस मामले में आरोपी सोनम रघुवंशी को पहले ही जमानत मिल चुकी है। इसके बाद राज कुशवाहा की ओर से दोबारा जमानत की मांग की गई थी। हालांकि अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में मामले को गंभीर बताते हुए जमानत का विरोध किया। कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद आरोपियों को राहत देने से इनकार कर दिया।
सिर्फ राज कुशवाहा ही नहीं, बल्कि केस से जुड़े अन्य तीन आरोपियों की जमानत याचिकाएं भी एक साथ खारिज कर दी गईं। कोर्ट के फैसले के बाद मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। पुलिस और अभियोजन पक्ष का कहना है कि जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और मामले में मजबूत साक्ष्य मौजूद हैं।
राजा रघुवंशी हत्याकांड पहले से ही चर्चाओं में बना हुआ है। अब सभी की नजरें इस मामले की अगली सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं। वहीं पीड़ित पक्ष आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहा है।



