नौकरी का झांसा देकर 35 युवतियों को झारखंड में बंधक बनाने का आरोप, प्रशासन अलर्ट

कांकेर। छत्तीसगढ़ की 35 युवतियों को नौकरी दिलाने के नाम पर झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के सामने आने के बाद परिजनों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि इनमें 15 युवतियां कांकेर जिले की हैं, जबकि बाकी अन्य जिलों की रहने वाली हैं। प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, युवतियों को नौकरी और नर्सिंग कार्य दिलाने का झांसा देकर झारखंड भेजा गया था। वहां पहुंचने के बाद उन्हें कथित रूप से जबरन रोककर काम कराया जा रहा है। मामले का खुलासा तब हुआ जब दुर्गुकोंदल क्षेत्र के खुटगांव की एक युवती ने मोबाइल के जरिए अपने परिचित युवक को मदद का संदेश भेजा। युवती ने बताया कि उसे और अन्य लड़कियों को गढ़वा जिले में बंधक बनाकर रखा गया है।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और संबंधित जिला प्रशासन से संपर्क कर तलाश शुरू कर दी गई। नीलेश क्षीरसागर ने कहा कि शिकायत मिली है कि कुछ युवतियों को बंधक बनाकर रखा गया है। सभी युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
वहीं लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रशासन लगातार संपर्क में है और युवतियों को सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ युवतियां अपनी मर्जी से गई थीं, लेकिन अब कई वापस आना चाहती हैं।
इस घटना ने एक बार फिर नौकरी के नाम पर मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण जैसे गंभीर मुद्दों को सामने ला दिया है। परिजनों ने शासन से बेटियों की जल्द सुरक्षित वापसी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



