डिजिटल जनगणना 2027 की शुरुआत: पोर्टल पर खुद भरें विवरण, जानें स्वगणना की पूरी प्रक्रिया

लखनऊ
उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के लिए पहली बार डिजिटल माध्यम से स्वगणना की सुविधा शुरू होने जा रही है। 7 मई से 21 मई तक नागरिक आधिकारिक पोर्टल के जरिए घर बैठे अपना जनगणना फॉर्म खुद भर सकेंगे। यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय है, जिसका उद्देश्य भविष्य की विकास योजनाओं का आधार तैयार करना है।

स्वगणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक वेबसाइट पर मोबाइल नंबर और नाम के साथ पंजीकरण करना होगा। इसके बाद ओटीपी सत्यापन, पते का चयन और मानचित्र पर घर को चिन्हित करने के बाद 33 सवालों की प्रश्नावली भरनी होगी। फॉर्म सबमिट होते ही 11 अंकों की एसई-आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
यह 11 अंकों की आईडी 22 मई से घर-घर पहुंचने वाले गणनाकर्मियों के साथ साझा करनी होगी। जो लोग ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उनके लिए गणनाकर्मी स्वयं आकर जानकारी जुटाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह नागरिकता का प्रमाण नहीं है और जनगणना में भागीदारी करना सभी के लिए अनिवार्य है। सुरक्षा के लिहाज से गणनाकर्मियों का पहचान पत्र देखकर ही जानकारी साझा करने की अपील की गई है।

