खेलों इंडिया ट्राइबल गेम्स: खेल संचालक ने अंबिकापुर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने आज अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम का दौरा किया। उन्होंने यहाँ आयोजित होने वाले खेलों इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से रेसलिंग चैंपियनशिप के आयोजन स्थल का जायजा लिया और तकनीकी टीम के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण
संचालक श्रीमती सलाम ने गांधी स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए तैयार किए गए अभ्यास स्थल, मुख्य प्रतियोगिता मैदान, भोजन व्यवस्था और मेडिकल यूनिट का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के ठहरने के लिए निर्धारित होटल ग्रैंड बसंत और होटल मयूरा का भी दौरा किया। उन्होंने आवास स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।
खिलाड़ियों से की चर्चा
निरीक्षण के दौरान श्रीमती सलाम ने विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल सुविधाओं, आवास और भोजन की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनजातीय क्षेत्रों से आने वाले इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
तकनीकी टीम को निर्देश
आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से संचालक ने तकनीकी स्टाफ और खेल अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने रेसलिंग चैंपियनशिप के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन करने और खिलाड़ियों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने को कहा। इस अवसर पर जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री राम कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी, कोच और कर्मचारी उपस्थित थे।



