ट्रंप की युद्धविराम घोषणा के बाद भड़का ईरान: होर्मुज में कंटेनर जहाज पर बरसाईं गोलियां, बिना चेतावनी हमले से दुनिया में हड़कंप

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव ने एक बार फिर खतरनाक मोड़ ले लिया है जहां ट्रंप की युद्धविराम घोषणा के कुछ ही घंटों बाद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज पर भीषण गोलीबारी की है। ब्रिटिश सेना के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि ईरानी अर्धसैनिक बल ने कंटेनर जहाज को निशाना बनाने से पहले किसी भी तरह की चेतावनी नहीं दी थी। यह हमला अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए सुबह ठीक 7 बजकर 55 मिनट पर अंजाम दिया गया। हालांकि इस गोलीबारी में अब तक किसी भी जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है लेकिन बिना उकसावे की गई इस कार्रवाई ने समुद्री व्यापारिक मार्गों पर फिर से युद्ध के बादल मंडरा दिए हैं।
अमेरिकी कार्रवाई का बदला या शक्ति प्रदर्शन: पाकिस्तान में वार्ता फेल होते ही ईरान ने दिखाई आंख, जलडमरूमध्य पर दावेदारी तेज
ईरान की समाचार एजेंसी ने इस सैन्य कार्रवाई को होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने कानूनी नियंत्रण को लागू करने की दिशा में एक जरूरी कदम करार दिया है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही अमेरिकी सेना ने ईरान के एक कंटेनर जहाज को बलपूर्वक अपने कब्जे में ले लिया था और हिंद महासागर में एक तेल टैंकर को भी रोक दिया था जिसके बाद से ही ईरान जवाबी कार्रवाई की ताक में था। पाकिस्तान में होने वाली संघर्ष-विराम वार्ता के विफल होने के तत्काल बाद हुई इस गोलीबारी ने साफ कर दिया है कि ईरान पीछे हटने के मूड में नहीं है। ब्रिटिश और अमेरिकी खुफिया एजेंसियां अब इस क्षेत्र में अपने जहाजों की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट पर हैं क्योंकि होर्मुज में ईरान की इस आक्रामक मौजूदगी से वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री परिवहन पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।



