महामहिम का बड़ा निर्देश: दिव्यांग बच्चों के लिए अब गांव में ही लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

राज्यपाल रमेन डेका ने बलरामपुर जिले के धनेशपुर गांव में दिव्यांग बच्चों की दयनीय स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को तत्काल एक्शन मोड में आने का आदेश दिया है। इस विशेष निर्देश के तहत अब अधिकारियों को दफ्तरों से निकलकर सीधे धनेशपुर के घर-घर जाकर सर्वे करना होगा ताकि कोई भी दिव्यांग बच्चा सहायता से वंचित न रहे। राज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि केवल जांच काफी नहीं है बल्कि दिव्यांगता के मूल कारणों को समझने के लिए विस्तृत चिकित्सकीय अध्ययन और सर्वे भी अनिवार्य रूप से किया जाए।
घर-घर सर्वे के साथ मौके पर ही बनेंगे प्रमाण पत्र और मिलेंगे उपकरण
प्रशासन की संयुक्त टीम अब गांव में ही पात्र नागरिकों और बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र और दिव्यांग कार्ड बनाने की प्रक्रिया को मौके पर ही पूरा करेगी। शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण प्रदान करना है ताकि उनकी शिक्षा और आवागमन की बाधाएं दूर हो सकें। महामहिम ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में कहा है कि प्रभावित परिवारों के सामाजिक सशक्तिकरण और बच्चों के बेहतर पुनर्वास के लिए एक ठोस कार्ययोजना बनाकर जमीनी स्तर पर मदद पहुंचाई जाए।



