साड़ी बदलने के नाम पर किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य से ठगी

बिलासपुर। आनलाइन साइट से मंगाई साड़ी पसंद नहीं आने पर किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य ने वापस करना चाहा। इसके लिए उन्होंने कंपनी के नंबर पर काल किया। दूसरे नंबर पर आए काल को रिसिव कर जब उन्होंने बताए प्रक्रिया को करना शुरू किया तभी उनके खाते से 98 हजार रुपये पार हो गए।
पीड़ित ने इसकी शिकायत तारबाहर थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। विनाेबा नगर के गायत्री मंदिर के पास रहने वाली सीमा सिंह किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य हैं। उन्होंने आनलाइन साइट से अपने लिए साड़ी मंगाई थी।
साड़ी पसंद नहीं आने पर उन्होंने वापस करने के लिए कंपनी के नंबर पर काल किया। इस पर उन्हें दूसरे नंबर से काल आने की बात कही गई। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया। उस समय उन्होंने काल रिसिव नहीं किया था।
बाद में उन्होंने उसी नंबर पर काल की। इस दौरान दूसरी ओर से उन्हें कुछ प्रोसेस बताए गए। प्रोसेस को पूरा करने से पहले ही उनके बैंक खाते से 98 हजार रुपये पार हो गए। उन्होंने घटना की जानकारी साइबर सेल को देकर तारबाहर थाने में शिकायत की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।