छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे का विस्तार: सड़कों और पुलों के लिए 415 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़कों और पुलों के नेटवर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने कुल 13 निर्माण कार्यों के लिए 299 करोड़ रुपये की निविदाओं को हरी झंडी दी है, जबकि 10 अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के लिए 116 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद इन कार्यों के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण एजेंसियों और विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। इन परियोजनाओं की निगरानी के लिए रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, दुर्ग और जगदलपुर स्थित मुख्य अभियंता कार्यालयों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा इसकी सीधी मॉनिटरिंग की जाएगी। पारदर्शिता के लिए आम नागरिकों को भी निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त करने का अधिकार होगा।
परियोजनाओं का विवरण और बजट
रायपुर जिले में फरफौदा-गुखेरा मार्ग और चंदखुरी-जावा-मोंहदी मार्ग के निर्माण व चौड़ीकरण के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में मुंबई-हावड़ा रेलवे लाइन पर रिंगनी लेवल क्रासिंग पर ओवर ब्रिज निर्माण हेतु 40.72 करोड़ रुपये की निविदा मंजूर की गई है। नारायणपुर जिले में पल्ली-छोटेडोंगर-ओरछा मार्ग के मजबूतीकरण के लिए करीब 54 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
नवा रायपुर में राजभवन, मुख्यमंत्री निवास और मंत्रीगणों के आवासों के शेष कार्यों सहित अन्य ढांचागत विकास के लिए 71.23 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त सेक्टर-19 में माध्यमिक शिक्षा मंडल के कार्यालय भवन निर्माण के लिए 36.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पुल और सड़क नवीनीकरण कार्य
विभाग ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, बलरामपुर और धमतरी जिलों में उच्च स्तरीय पुलों और डामर नवीनीकरण कार्यों के लिए भी बजट आवंटित किया है। बनास नदी, महान नदी और अन्य नालों पर पुल निर्माण के साथ-साथ धमतरी में राजनांदगांव-बोराई मार्ग के मजबूतीकरण के लिए करोड़ों रुपये की निविदाएं स्वीकृत हुई हैं।
सात जिलों में 10 नई सड़कें
प्रशासकीय स्वीकृति के तहत धमतरी जिले में तीन प्रमुख सड़कों के उन्नयन और डामरीकरण के लिए 56 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई है। राजनांदगांव, कोण्डागांव, कांकेर, बिलासपुर, जशपुर और बलरामपुर जिलों में भी नई सड़कों और पुलों के निर्माण की राह प्रशस्त हो गई है। इनमें केनसरी से मुकुंदपुर पहुंच मार्ग और दूध नदी पर उच्च स्तरीय पुल जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।



