रक्षाबंधन पर विजय शर्मा का खास संदेश: नक्सल बहनों के साथ राखी और सुरक्षा का वचन…

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके दंतेवाड़ा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस रक्षाबंधन पर एक अनोखा और खास संदेश दिया। उन्होंने सरेंडर महिला नक्सलियों और दंतेश्वरी फाइटर्स की महिला कमांडो से राखी बांधकर उनकी सुरक्षा का वचन दिया और नक्सलवाद के खिलाफ उनके संघर्ष की सराहना की।
दंतेश्वरी मंदिर में प्रदेश की खुशहाली की कामना...
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने रक्षाबंधन के दिन सुबह दंतेश्वरी मंदिर जाकर माता के दर्शन किए और प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके बाद वे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने महिला नक्सलियों और दंतेश्वरी फाइटर्स के साथ राखी का त्योहार मनाया।
महिला कमांडो का उत्साह और समर्थन...
सर्किट हाउस में मौजूद दंतेश्वरी फाइटर्स की महिला कमांडो काफी उत्साहित नजर आईं। जवान सुंदरी कोर्राम ने बताया कि डिप्टी सीएम से राखी बांधना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि नक्सल मोर्चे पर तैनात महिला डीआरजी जवानों को भी राखी बांधने का अवसर मिले ताकि उनका हौसला बढ़े।
सरेंडर नक्सली महिलाओं को सुरक्षा और विकास का आश्वासन...
विजय शर्मा ने आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं से कहा कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षा और पुनर्वास के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नक्सलवाद खत्म करने के साथ-साथ उनका और उनके क्षेत्रों का विकास प्राथमिकता होगी।
नक्सलवाद छोड़ नई राह अपनाई...
महिला नक्सली सुंदरी और तुलसी सहित कई अन्य पूर्व नक्सली जिन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है, अब दंतेश्वरी फाइटर्स के साथ नक्सलवाद के खात्मे के लिए काम कर रही हैं। ये महिलाएं नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में भी सक्रिय हैं।

नेता और अधिकारी भी जुड़े राखी समारोह में...
रक्षा सूत्र बांधने के दौरान मंत्री केदार कश्यप, बस्तर आईजी सुंदरराज पी, दंतेवाड़ा कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित अन्य अधिकारियों ने भी सरेंडर महिला नक्सलियों और दंतेश्वरी फाइटर्स को राखी बांधकर सुरक्षा और समर्थन का संदेश दिया।
उपमुख्यमंत्री का संकल्प...
डिप्टी सीएम ने कहा…
जो भी बहनें नक्सलवादी रास्ता छोड़कर वापस समाज में आएंगी, उन्हें समाज अपना सम्मान देगा और सुरक्षा भी। छत्तीसगढ़ की महिला जवान कंधे से कंधा मिलाकर राज्य की सुरक्षा में योगदान दे रही हैं, जो इतिहास का हिस्सा है। 2026 तक प्रदेश को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाने का हमारा संकल्प अटल है।
वनाचल शिक्षा सेवा प्रकल्प का निरीक्षण...
इसके पहले शुक्रवार को विजय शर्मा गीदम विकासखंड के ग्राम हिरानार में स्थित वनाचल शिक्षा सेवा प्रकल्प संस्था का निरीक्षण किया। यहां अंत्योदय वनवासी परिवारों के बच्चों को आवासीय शिक्षा दी जाती है। इस वर्ष तीन नक्सल प्रभावित बच्चों ने भी यहां प्रवेश लिया है। वर्तमान में 102 छात्र-छात्राएं यहां अध्ययनरत हैं।