साबरकांठा में मौत का तांडव: बस ने कार को रौंदा, सात महिलाओं समेत आठ की दर्दनाक मौत

साबरकांठा
गुजरात के साबरकांठा जिले में बुधवार को नेशनल हाईवे पर चीख-पुकार मच गई जब एक बेकाबू प्राइवेट बस ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जसवंतगढ़ पाटिया के पास शामलाजी से हिम्मतनगर की ओर जा रहे इस मार्ग पर हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार आठ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में सात महिलाएं और एक पुरुष ड्राइवर शामिल है जिनकी पहचान अंजू बेन, नीता बेन, मीनाक्षी बेन, कामिनी बेन, कंचन बेन, नीता बेन, रेखा बेन और ड्राइवर अनिल कुमार के रूप में हुई है।
खून से सनी हाईवे और अपनों को खोने का गम
टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े लेकिन तब तक आठ जिंदगियां खत्म हो चुकी थीं। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अन्य यात्रियों को आनन-फानन में 108 एम्बुलेंस के जरिए गंभोई और हिम्मतनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। अस्पताल परिसर में परिजनों की भारी भीड़ जमा है और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है। गंभोई पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तेज रफ्तार बस के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



