बुजुर्ग किसान की मेहनत की कमाई पर साइबर ठगों का डाका: मोबाइल हैक कर 2.78 लाख रुपये किए पार, रायपुर पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर। राजधानी में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग किसान को निशाना बनाकर उनके बैंक खाते से 2.78 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने मोबाइल हैक कर अलग-अलग किस्तों में राशि पार की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित 74 वर्षीय चोलाराम मरकाम टिकरापारा क्षेत्र के निवासी हैं। उनका खाता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की रानीतराई शाखा में है। 20 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे उनके मोबाइल पर 1000 रुपये कटने का संदेश आया, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
इसके बाद 23 मार्च को बैंक जाकर पासबुक अपडेट कराने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। बैंक स्टेटमेंट के अनुसार 19 मार्च से 22 मार्च के बीच उनके खाते से कुल 2.78 लाख रुपये 12 किश्तों में निकाले गए।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक किश्त की राशि एयरटेल पेमेंट्स बैंक के एक संदिग्ध खाते में ट्रांसफर की गई है। शेष रकम किन खातों में गई, इसकी जांच पुलिस और साइबर सेल द्वारा की जा रही है।


