Madhya PradeshState

सीएम डॉ. मोहन यादव ने की मां चंबल की आरती, मंदसौर में कैबिनेट के साथ की पूजा-अर्चना, किसानों से किया संवाद

भोपाल/मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 18 नवंबर को मंदसौर में मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ मां चंबल की विधि-विधान के साथ आरती और पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां चंबल से प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और निरंतर उन्नति की कामना की। उससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से मिनी क्रूज में सवार होकर टेंट सिटी बोट क्लब तक की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने चंबल नदी के प्राकृतिक सौंदर्य, मनोहारी जलधारा और आसपास के प्राकृतिक परिवेश का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गांधीसागर में उपज से उद्यम प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के निवेश संवर्धन कार्यक्रम अंतर्गत 40.50 करोड़ की लागत से विकसित होने वाली गांधी सागर इको-टूरिज्म परियोजना के 5 प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया।

गौरतलब है कि आरती के दौरान दीपों की रोशनी, शंखनाद और चंबल मैया के जयघोष से पूरा तट भक्तिमय हो गया। मुख्य पुजारी कैलाश भट्ट और बटुकों सहित 21 पुजारियों ने पूजा अर्चना पूर्ण करवाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान पशुपतिनाथ के प्रभाव क्षेत्र में चंबल मैया के किनारे गांधीसागर का संबंध गंगाजी से जुड़ रहा है। क्षिप्रा नदी चंबल में आकर मिलती है और यही धारा आगे जाकर यमुना नदी में मिलती है। उन्होंने कहा कि चंबल नदी के बगैर यमुना की धारा अधूरी है। हजारों साल से मंदसौर, नीमच और राजस्थान के धौलपुर और भिंड मुरैना क्षेत्र को चंबल मैया का आशीर्वाद मिलता रहा है। चंबल नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि मालवा की संस्कृति, आस्था और जीवनरेखा है। चंबल नदी में घड़ियाल और डॉलफिन का भी बसेरा है। उन्होंने कहा कि इसके संरक्षण, स्वच्छता और संवर्धन के लिए सभी को संकल्प लेना चाहिए।

एक बूंद भी नहीं जाएगी बेकार

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि गांधी सागर डैम का निर्माण आजादी के तुरंत बाद हुआ था। उस समय इस जलराशि के आधार पर बिजली उत्पादन की एक बड़ी परियोजना शुरू की गई थी। हालांकि, इसके बाद काफी लंबा समय बीत गया। अब हमारी सरकार के गठन के साथ ही इस जलराशि का बेहतर उपयोग करने के लिए पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की नई तकनीक पर काम शुरू किया गया है। गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना एक नई तकनीक और नया तरीका है, जिससे बिजली का उत्पादन 20 गुना ज्यादा बढ़ेगा। पानी की एक बूंद भी बेकार नहीं जाएगी। दो जलाशय पानी के उसी स्टोरेज से बार-बार बिजली बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश तो लाभांवित होगा ही, साथ ही हम देश में भी बिजली उपलब्ध करा सकेंगे। मैं इस परियोजना के लिए प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं। इस प्रोजेक्ट से अन्य राज्य भी सीख ले सकते हैं। हम कैबिनेट के माध्यम से इसकी विशेषताओं को सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र टूरिज्म को भी बढ़ावा देगा। चीते और गिद्ध सहित सभी वन्यजीवों के लिए यह स्वर्ग जैसा स्थान है।

केस स्टडी होगा यह प्रोजेक्ट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मैं गांधी सागर डैम के समीप आयोजित इस कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए पधारे उपमुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों को भी बधाई देता हूं। उन्होंने यहां आकर कैबिनेट बैठक के माध्यम से इस ऐतिहासिक स्थल को प्रदेश के महत्वपूर्ण निर्णयों का केंद्र बनाया है। हमें उम्मीद है कि आज की कैबिनेट के निर्णयों से इस क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा। हमारी सरकार के लगभग तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे समय में आयोजित यह डेस्टिनेशन कैबिनेट प्रदेश के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी। जिस प्रकार हमने पहले रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने का प्रयास किया, उसी तर्ज पर डेस्टिनेशन कैबिनेट भी प्रदेश के व्यापक भौगोलिक क्षेत्रों में विकास की नई ऊर्जा और चेतना का संचार करेगी। यह प्रयोग अपने आप में अद्भुत है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना अपने आप में एक केस स्टडी बनेगी। जिस काम को पूरा होने में सामान्यतः दस वर्ष तक का समय लग सकता था, उसे हमने मात्र तीन वर्ष में पूरा किया है। पंप्ड हाइड्रो परियोजना बनाना एक बात है, लेकिन इतने कम समय में पहाड़ी पर विशाल जलाशय का निर्माण करना, जो आकार में एक छोटे सागर जैसा प्रतीत होता है, अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जहां संकल्प शक्ति होती है, वहां बड़े से बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद और परमात्मा की कृपा भी हमारे साथ रही। हमारी सरकार ने, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, अधिकारियों और पूरी टीम ने मिलकर इस संकल्प को साकार किया है।

प्रदर्शनी में लगे कई अनोखे स्टॉल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गांधीसागर में उपज से उद्यम प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया। प्रदर्शनी में जिले के किसानों द्वारा कृषि के क्षेत्र में किया जा रहे हैं नवाचारों, नई कृषि तकनीक और खाद्यान्न, फलोद्यान व मसाला उत्पाद प्रदर्शित किए गए । प्रदर्शनी में जिले के उद्यमियों, महिला स्व सहायता समूहों, स्वरोजगार के लिए युवाओं कीओर से किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान कृषकों और उद्यमियों से संवाद किया। उनसे उनके उत्पादों की निर्माण लागत और मार्केट लिंक आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने बातचीत में शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थल तथा प्रमुख पर्यटन केंद्रों पर ऐसे उत्पादों के प्रदर्शन तथा बिक्री की व्यवस्था की जाएगी। उपज से उद्यम प्रदर्शनी में धनिया, मूंगफली, लहसुन, संतरा, पान क्लस्टर पर केंद्रित स्टॉल लगाए गए हैं। इसके साथ ही औषधि और दुग्ध उत्पादन पर भी स्टॉल हैं। नशा मुक्ति मंदसौर के अंतर्गत किए जा रहे प्रयासों और राज्य आजीविका मिशन के अंतर्गत जिले में हो रही गतिविधियों पर विशेष स्टॉल लगाया गया है। सूक्ष्म दाब सिंचाई योजना से कृषि क्षेत्र में हुए लाभ को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।

गांधी सागर बना पर्यटन और आस्था का संगम

चंबल नदी पर स्थित एशिया के प्रमुख मानव निर्मित जलाशयों में शुमार गांधी सागर जलाशय मंदसौर और नीमच जिलों सहित पूरे प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास का सशक्त केंद्र बन चुका है। गांधी सागर बांध क्षेत्र का पूरा कैचमेंट एरिया और बैकवॉटर का प्राकृतिक सौंदर्य स्विट्जरलैंड की वादियों से भी ज्यादा आनंदित करने वाला है। यहां फॉरेस्ट रिट्रीट, टेंट सिटी, वॉटर स्पोर्ट्स एवं साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ अब मां चंबल की आरती भी पर्यटन का प्रमुख आकर्षण बन रही है। कार्यक्रम में उपस्थित मंत्रिमंडल के सदस्यों जनप्रतिनिधियों अधिकारी गण श्रद्धालुओं ने चंबल नदी को स्वच्छ रखने, जल का सदुपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।

Chaiपुर
Show More

desk@NU

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button
PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker