नीमच में 500 मेगावाट सोलर पार्क और ग्रीनको पम्प स्टोरेज परियोजना का सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया एरियल सर्वे

नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नीमच जिले के 500 मेगावाट सोलर पार्क और ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प स्टोरेज परियोजना का एरियल सर्वे किया। इसके बाद उन्हें पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए परियोजना की प्रगति, तकनीकी विशेषताओं और ऊर्जा उत्पादन क्षमता की विस्तृत जानकारी दी गई।
करीब 11,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही 1920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पम्प स्टोरेज परियोजना देश की सबसे बड़ी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं में से एक है। इसकी ऊर्जा भंडारण क्षमता 10,326 मेगावाट प्रति घंटा होगी। मुख्यमंत्री ने इसे मध्यप्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ हरित ऊर्जा को भी नई दिशा देगी।

परियोजना के तहत गांधीसागर के मौजूदा जलाशय और खिमला में निर्मित किए जा रहे ऊपरी जलाशय का उपयोग पम्प स्टोरेज तकनीक से बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा। इस तकनीक में पानी का पुनः उपयोग किया जाता है, जिससे वाष्पीकरण से होने वाली न्यूनतम हानि को छोड़कर अतिरिक्त जल की आवश्यकता नहीं पड़ती।
परियोजना में 240 मेगावाट की सात और 120 मेगावाट की दो द्वि-दिशात्मक टर्बाइन इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। निर्माण कार्य के दौरान प्रतिदिन तीन हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी, प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, ग्रीनको के सीईओ श्री मौर्या, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक माधव मारू, अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



