बारात जा रही पिकअप पेड़ से टकराई, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

बलरामपुर। शादी की खुशियां एक दर्दनाक हादसे में बदल गईं, जब बारात लेकर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वाड्रफनगर के अजगरा नाले के पास हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मालवाहक पिकअप में सवार होकर सात लोग छत्तीसगढ़ के इंजानी गांव से उत्तरप्रदेश के म्योरपुर बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ा और गाड़ी पेड़ से जा टकराई।
यह घटना एक बार फिर मालवाहक वाहनों में बारात ले जाने की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर करती है। हर साल शादी के मौसम में ऐसे हादसे सामने आते हैं, बावजूद इसके लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।



