मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज जशपुर दौरा: पीएम ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण का करेंगे शिलान्यास

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को जशपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:40 बजे राजधानी रायपुर से जशपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे जिले को विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे जशपुर के रणजीता स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के कार्यों का शिलान्यास कर विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे वे पटेल कल्याण संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे और संघ के प्रदेश पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। दोपहर करीब 2:30 बजे मुख्यमंत्री ‘सियान गुड़ी’ कार्यक्रम में भाग लेंगे।
सामाजिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री साय कोमड़ो ग्राम जाएंगे, जहां वे स्वर्गीय जगेश्वर राम भगत के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाएंगे। जशपुर के कार्यक्रमों को पूरा कर मुख्यमंत्री शाम 5 बजे वापस रायपुर लौटेंगे। राजधानी पहुंचने के बाद वे शाम 6:30 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित ‘फर्स्ट छत्तीसगढ़ डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग 2026’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।



