बालोद: जम्मू-कश्मीर में तैनात आर्मी जवान से बैंक कर्मी ने की 15 लाख की ठगी, 2 लाख की जगह पास कराया 17 लाख का लोन

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में देश की सेवा में तैनात एक आर्मी जवान के साथ बैंक धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम ओडारसकरी निवासी जवान के साथ गुंडरदेही स्थित एक निजी बैंक के कर्मचारी ने लोन प्रक्रिया में हेरफेर कर लाखों रुपये पार कर दिए। पुलिस ने पीड़ित जवान की शिकायत पर आरोपी बैंक कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धोखाधड़ी का तरीका
जम्मू-कश्मीर में पदस्थ आर्मी जवान गुंडरदेही के एक निजी बैंक में 2 लाख रुपये के व्यक्तिगत ऋण के लिए आवेदन करने पहुंचा था। आरोप है कि बैंक में कार्यरत कर्मचारी रेखराम साहू ने जवान के दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए 2 लाख की जगह 17 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करवा दिया। जैसे ही लोन की पूरी राशि जवान के बैंक खाते में जमा हुई, आरोपी ने चतुराई से उसमें से 15 लाख 50 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए।
किस्त जमा करने के नोटिस से खुला राज
इस पूरी ठगी का खुलासा तब हुआ जब बैंक की ओर से जवान पर लोन की भारी-भरकम किस्त जमा करने के लिए दबाव बनाया गया। बैंक का नोटिस मिलने पर जवान के होश उड़ गए, क्योंकि उसे केवल 2 लाख रुपये के लोन की जानकारी थी। रिकॉर्ड चेक करने पर पता चला कि उसके नाम पर 17 लाख रुपये का कर्ज दर्ज है। ठगी का अहसास होते ही जवान ने तत्काल गुंडरदेही थाने पहुंचकर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
गुंडरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि आर्मी जवान की शिकायत पर निजी बैंक के कर्मचारी रेखराम साहू के खिलाफ धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस ठगी में और कौन-कौन शामिल है। आरोपी की तलाश जारी है।



