ChhattisgarhState

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में टेका मत्था, विशेष कीर्तन समागम में हुए शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु नानक देव की पावन स्मृतियों से जुड़ा महासमुंद जिले का गढ़फुलझर छत्तीसगढ़ की अनमोल आध्यात्मिक और ऐतिहासिक धरोहर है। इस पवित्र स्थल को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। गढ़फुलझर का विकास इस प्रकार किया जाएगा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए श्रद्धा, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बने।

मुख्यमंत्री श्री साय आज महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की तथा श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि प्रथम सिख गुरु गुरु नानक देव महाराज के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे। लगभग पांच शताब्दी पूर्व उनके आगमन की स्मृतियां आज भी गढ़फुलझर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग इस क्षेत्र की उदारता, श्रद्धा और सद्भाव की गौरवशाली परंपरा को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सभी समुदायों की भावनाओं से जुड़े इस स्थल का समग्र विकास किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि गढ़फुलझर एक ऐसे पवित्र धाम के रूप में प्रतिष्ठित हो, जहां आध्यात्मिक शांति के साथ सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश भी प्रसारित हो।

नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन तथा सार्वजनिक उद्यान के निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही गढ़फुलझर की पहचान एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में और सुदृढ़ होगी।

गुरु नानक देव के आदर्शों में समाहित है मानव कल्याण का मार्ग

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि समूची मानवता के कल्याण का संदेश है। ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने सिख समाज की सेवा भावना, परिश्रम और परोपकार की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा सामाजिक समानता और मानवीय एकता का अनुपम उदाहरण है। यहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आर्थिक स्थिति का कोई भेद नहीं होता। सभी लोग एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक स्वरूप है, जो समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश में शांति, सद्भाव तथा समृद्धि का वातावरण बना रहे, यही हमारा संकल्प है।

गढ़फुलझर की ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी नई पहचान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। छत्तीसगढ़ की धरती जहां भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में विख्यात है, वहीं गुरु नानक देव की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर भी प्रदेश की समृद्ध धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।

उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव के यहां आगमन और प्रवास की स्मृतियां इस स्थल को विशेष महत्व प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा की गई घोषणाओं से नानकसागर एवं गढ़फुलझर के विकास को नई गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक होगी।

इस अवसर पर जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Chaiपुर
Show More

desk@NU

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button
PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker