इंदौर में आयोजित ग्रेन-एक्स इंडिया एक्सपो में पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, व्यापारियों ने उठाई मंडी टैक्स और शिफ्टिंग की मांग

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ग्रेन-एक्स इंडिया कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया। इस आयोजन में देशभर के व्यापारी और उद्योग प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जहां दाल मिल उद्योग से जुड़ी आधुनिक मशीनों और नवीन तकनीकों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष मंडी टैक्स में राहत देने और शहर के बीच स्थित अनाज मंडी को बाहर स्थानांतरित करने जैसी प्रमुख मांगें रखीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दाल उपभोक्ता देश है और मध्य प्रदेश अब देश का फूड बास्केट बन चुका है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि तुअर पर टैक्स हटाने के बाद अब सरकार मसूर पर भी राहत देने की दिशा में विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार दाल उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है और मसूर व उड़द की खेती को बढ़ावा देने के लिए बोनस योजना लाने पर भी विचार किया जा रहा है।
मंच से मंत्री तुलसी सिलावट ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बढ़ते निवेश की चर्चा की और इस वर्ष को किसानों को समर्पित बताया। वहीं, मुख्यमंत्री ने व्यापारियों का आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीक और प्रोसेसिंग इकाइयों को बढ़ावा दें, जिसमें सरकार हर संभव सहयोग करेगी। व्यापारियों का कहना है कि मंडी नीति और टैक्स के बोझ में कमी आने से निवेश के अवसरों में और वृद्धि होगी। अब उद्योग जगत की नजरें सरकार द्वारा टैक्स और मंडी शिफ्टिंग पर लिए जाने वाले ठोस फैसलों पर टिकी हैं।



