मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस कार्यशाला का किया शुभारंभ

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित कन्वेंशन हॉल में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यशाला का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष भी इसी सभागार में आयोजित कार्यशाला पूरे प्रदेश में उत्साहपूर्वक मनाई गई थी। जशपुर में 10 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने भाग लिया था, जिसमें जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा, व्यंजन और संस्कृति का आकर्षक प्रदर्शन हुआ था।
आदिवासी नायकों की गौरवशाली विरासत...

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन आदिवासी नायकों की गौरवशाली विरासत को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का भी उल्लेख किया, जिन्होंने पहली बार आदिवासी कल्याण मंत्रालय का गठन किया था।
प्रधानमंत्री धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना...

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना और प्रधानमंत्री धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का भी विवरण दिया। उन्होंने नवा रायपुर में जनजातीय विद्रोहों और अमर शहीद वीर नारायण सिंह पर आधारित ट्राइबल म्यूजियम के निर्माण का उल्लेख किया और शिक्षाविदों से आग्रह किया कि जनजातीय गौरव और इतिहास को शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में शामिल किया जाए।



