रायपुर में शादी में हर्ष फायरिंग भारी पड़ी: दूल्हे के भाई पर FIR, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

रायपुर। राजधानी में शादी की खुशियों के बीच अपनी धौंस जमाना एक शख्स को भारी पड़ गया। महादेवघाट स्थित एक मैरिज हॉल में सरेआम बंदूक लहराकर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह और उसके साथियों के खिलाफ डीडी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है।
क्या है पूरा मामला?
बीती 7 अप्रैल को रायपुरा के महादेवघाट इलाके में एक शादी समारोह चल रहा था। खुशियों का माहौल था, मेहमान जुट रहे थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा हॉल गूंज उठा। आरोप है कि दीपक सिंह नामक युवक ने जोश में आकर अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। वहां मौजूद लोग सहम गए, क्योंकि भीड़भाड़ वाली जगह पर एक छोटी सी चूक किसी की जान ले सकती थी।
वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आई पुलिस
शादी में मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो जैसे ही पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, महकमे में हड़कंप मच गया। रायपुर पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और आयोजन स्थल की पहचान की। जांच में पाया गया कि आरोपी ने न केवल सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि अपने हथियारों के लाइसेंस की शर्तों का भी उल्लंघन किया।
इन धाराओं में फंसा आरोपी
डीडी नगर पुलिस ने बताया कि दूसरों का जीवन खतरे में डालने और शस्त्र अधिनियम की शर्तों को तोड़ने के आरोप में धारा 30, 125 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि शादियों में रसूख दिखाने के लिए की जाने वाली फायरिंग कानूनी अपराध है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



