इंदौर से जोधपुर जा रही बस पलटी, तीन लोगों की मौत

उज्जैन। इंदौर से जोधपुर के लिए जा रही बस शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे नागदा-जावरा मार्ग पर फर्नाखेड़ी के समीप पलट गई। इससे कंडक्टर सहित तीन लोगों की मौत हो गई। आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जावरा तथा नागदा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में 40 यात्री सवार थे।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात को इंदौर से अशोक ट्रेवल्स की बस जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। बस उज्जैन के देवास गेट से यात्रियों को लेते हुए जोधपुर जा रही थी। रात करीब 12 बजे के करीब ग्राम फर्नाखेड़ी मोड पर पलट गई। तेज वर्षा तथा अंधे मोड़ के कारण हादसा हो गया। दुर्घटना में बस के कंडक्टर सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि बस में सवार आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से सात यात्रियों को जावरा के अस्पताल तथा एक को नागदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बस के नीचे जब एक व्यक्ति को निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करना पड़ी। क्रेन बुलवाकर बस को उठाया गया। इसके बाद दबे हुए व्यक्ति को निकाला गया। हादसे की जानकारी मिलने पर नागदा खाचरोद विधायक दिलीप गुर्जर, सीएसपी तथा क्षेत्र के लोग मौके पर पहुंच गए थे। रहवासियों का कहना है कि अंधा मोड़ होने के कारण इस क्षेत्र में कई बार दुर्घटना हो चुकी है मगर इसके बाद भी जिला प्रशासन मोड़ को अब तक सीधा नहीं करवा पाया है।