छत्तीसगढ़ में दिल्ली के नेताओं ने झोंकी ताकत, केंद्रीय मंत्री बोले-

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की परिवर्तन यात्रा में केंद्रीय स्तर के नेताओं ने ताकत झोंक दी है। प्रदेश में छह केंद्रीय मंत्रियों का दौरा रहा। इनमें पांच केंद्रीय मंत्री एक साथ रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। मंत्रियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास होने की खुशी जताई। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व प्रदेश भाजपा के चुनाव सह प्रभारी डा. मनसुख मांडविया का विशेष स्वागत महिलाओं ने किया।
मांडविया के अलावा केंद्रीय बिजली राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय जल शक्ति जनजाति कार्य राज्य मंत्री विश्वेश्वर टुडू, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार पेट्रोलियम प्राकृतिक गैस खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी पहुंची। इनके अलावा लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय केंद्रीय राज्यमंत्री भानूप्रताप वर्मा पहले से ही कार्यक्रम में शामिल रहे।
गरियाबंद की यात्रा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय केंद्रीय राज्यमंत्री भानूप्रताप वर्मा, डभरा की परिवर्तन यात्रा में केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली समेत अन्य अलग-अलग जगहों पर शामिल हुए। 12 सितंबर को दंतेवाड़ा और 15 सितंबर को जशपुर से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा लगातार जारी है। इसमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, गोवा के मुख्यमंत्री डा. प्रमोद सावंत, यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह जैसे कई नेता पहुंच चुके हैं। यात्रा उन इलाकों में भी फोकस कर रही है जहां कांग्रेस की पैठ है।
अभनपुर में हुई बड़ी सभा, साव बाेले- खुलेआम लूट
परिवर्तन यात्रा के दौरान अभनपुर विधानसभा में हुई आमसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार न सड़क बना सकी, न पुल बने, न स्वास्थ्य केंद्र, न स्कूल बने विकास का कोई काम हुआ। छत्तीसगढ़ के संसाधनों को सरकार खुलेआम लूट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के हक का पैसा गांधी परिवार के पास जा रहा है। कांग्रेस राज में रेत की तस्करी और दलाली चल रही है।
पूरे प्रदेश में एक ही नारा, अउ नई सहिबो, बदल के रहिबो : मनसुख मांडविया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा परिवर्तन यात्रा को जिस प्रकार का रिस्पांस मिल रहा है उससे कांग्रेस की सरकार का जाना तय है पूरे प्रदेश में एक ही नारा लग रहा है, अउ नई सहिबो, बदल के रहिबो। मांडविया ने कहा, ये सरकार जो धान खरीदी का क्रेडिट लेती है वह केवल 600 रुपये देती है जबकि मोदी सरकार 2200 रुपये देती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार ने 16 लाख लोगों का मकान नहीं बनने दिया।
जनता के बदले गांधी परिवार की सेवा: बृजमोहन अग्रवाल
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता की सेवा करने की बजाय कांग्रेस सरकार गांधी परिवार की सेवा में लगी है।
रिटायर्ड सेना के जवान हुए भाजपा में शामिल
सभा के दौरान कई दिग्गज सेना के सिपाही, भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए। शामिल होने वालो में कर्नल हरिंद्र त्रिपाठी, अध्यक्ष अखिल भारतीय सैनिक सेवा परिषद वर्तमान में डायरेक्टर आइआइएम नया रायपुर, सूबेदार कैप्टन गोवर्धन शर्मा, हवलदार खेमचंद निषाद सरपंच, नायक किशोरी लाल साहू, महासचिव, सैनिक सेवा परिषद, वर्तमान में अधिकारी अंकेक्षण, संतोष कुमार साहू, वर्तमान में अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा प्रवेश किया।