दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल से 3 IED बरामद, नक्सली सामग्री भी मिली

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के घने जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने तीन आईईडी (IED) बरामद किए हैं। इसके अलावा भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियारों से जुड़ा सामान, नक्सली वर्दी और साहित्य भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए विस्फोटक और हथियारों की तलाश के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को खुफिया सूचना के आधार पर दंतेवाड़ा पुलिस और सीआरपीएफ की 195वीं वाहिनी ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सर्चिंग के दौरान जवानों को जंगल में कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया। जांच में दो प्रेशर कुकर आईईडी और एक पाइप बम बरामद हुआ। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीनों विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।
ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, वायरलेस सेट, हथियारों से संबंधित सामान, नक्सली वर्दी और प्रचार सामग्री भी बरामद की गई। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था।
अधिकारियों के मुताबिक, दंतेवाड़ा और आसपास के इलाकों में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा। जंगलों में छिपे विस्फोटक, हथियार और नक्सली नेटवर्क को खत्म करने के लिए सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
ऑपरेशन पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित बेस कैंप लौट आए। इस कार्रवाई को नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



