पिथौरा शराब दुकान में बड़ा खुलासा, बोतलों में पानी मिलाते 4 कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

महासमुंद। अगर आप भी शराब खरीदते समय सिर्फ सील देखकर भरोसा कर लेते हैं, तो यह खबर आपको चौंका सकती है। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में पानी मिलाने का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को शराब की बोतलों में खुलेआम पानी मिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक 25 मई को आबकारी विभाग की टीम अचानक पिथौरा की अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान टीम ने देखा कि दुकान के अंदर टेबल पर ही मैकडॉवेल नंबर 1 शराब के पाव की सील खोलकर उसमें पानी मिलाया जा रहा था। कर्मचारियों की हरकत देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। टीम ने तुरंत चारों कर्मचारियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में उमेश मन्नाडे, करन सोनटके, नारायण निषाद और हेमंत पटेल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से दो कर्मचारी पिछले करीब दो साल से इसी दुकान में काम कर रहे थे, जबकि बाकी कर्मचारी पिछले कई महीनों से यहां पदस्थ थे। लंबे समय से एक ही जगह पर तैनाती होने के कारण इनके हौसले इतने बढ़ गए थे कि बिना किसी डर के मिलावट का खेल चल रहा था।
आबकारी विभाग ने मौके से पानी मिली शराब की कई बोतलें जब्त की हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकानों में इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन कार्रवाई कम होती थी। इस बार विभाग की कार्रवाई के बाद लोगों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं शराब खरीदने वाले ग्राहकों में भी नाराजगी देखी जा रही है।



