मुख्यमंत्री की पहल: छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद के बड़े संस्थान की मांग, अमित शाह से मिले विष्णुदेव साय

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद चिकित्सा और शोध को नई पहचान दिलाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव रखा।

नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में राज्य के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
आयुर्वेद के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में उभर सकता है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध प्रदेश है। राज्य के वन क्षेत्रों में कई दुर्लभ जड़ी-बूटियां पाई जाती हैं। वहीं जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक औषधीय ज्ञान की समृद्ध विरासत भी मौजूद है। ऐसे में यहां अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा और अनुसंधान को नई गति मिलेगी।
युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि यदि यह संस्थान स्थापित होता है तो प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा शिक्षा और शोध के अवसर मिलेंगे। साथ ही मरीजों को उच्चस्तरीय आयुर्वेदिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
मध्य भारत को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संस्थान का लाभ केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा। मध्य भारत के अन्य राज्यों के लोगों को भी बेहतर आयुर्वेदिक उपचार और शोध सुविधाओं का फायदा मिलेगा। इससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय बजट का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट 2026 में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा का जिक्र करते हुए आग्रह किया कि इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे राज्य स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ इलाकों में चल रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी। अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।



