जांजगीर-चांपा को मिला 19 करोड़ से अधिक का तोहफ़ा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किए लोकार्पण और भूमिपूजन

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने आज जांजगीर-नैला और चांपा नगर पालिका क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। उन्होंने कुल 19 करोड़ 53 लाख रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री साव ने जांजगीर-नैला नगर पालिका को 2.5 करोड़ रुपए कार्यालय भवन निर्माण के लिए और 2.5 करोड़ रुपए अन्य विकास कार्यों के लिए देने की घोषणा की। वहीं, चांपा नगर पालिका को 3 करोड़ रुपए की सौगात दी गई, जो मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों में उपयोग होगी।
जांजगीर-नैला को मिले प्रमुख प्रोजेक्ट्स...
- 4.37 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड 21 में नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन)।
- 10.84 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी निर्माण कार्य।
- 1.97 करोड़ रुपए से वार्ड 1 और 2 में पाइपलाइन विस्तार एवं सम्पवेल निर्माण कार्य।
- 30 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर और 20 लाख रुपए से नवनिर्मित चौपाटी का लोकार्पण।
चांपा नगर पालिका को मिली सौगात...
- 48.56 लाख रुपए से पानी टंकी निर्माण।
- 29.98 लाख रुपए से नगर पालिका कर्मचारियों के लिए आवास।
- 30 लाख रुपए से अटल परिसर का लोकार्पण।
छात्रों के लिए नालंदा परिसर बनेगा नई राह...
श्री साव ने कहा कि नालंदा परिसर स्कूल-कॉलेज छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगा। वहीं, उन्होंने बताया कि अटल परिसर दिवंगत प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की राष्ट्र सेवा और विकास दृष्टि को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेंगे।

इस मौके पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।