रायपुर के वाल्मीकि नगर में बदमाशों का शक्ति प्रदर्शन, हाथ में अवैध चाकू और सोशल मीडिया पर टशन!

रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कबीर नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि अटल आवास इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक खुलेआम अवैध चाकू से केक काटते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो जन्मदिन के मौके पर वाल्मीकि नगर की सड़क पर बनाया गया है। वीडियो में एक युवक बड़े धारदार चाकू से केक काटते दिखाई दे रहा है, जबकि अन्य लोग इस घटना को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे हैं। इस तरह की गतिविधि से यह स्पष्ट होता है कि संबंधित लोगों में कानून का भय नहीं है।
इस घटना ने न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि शहर में अवैध हथियारों की उपलब्धता और उनके सप्लाई नेटवर्क को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है। सूत्रों के अनुसार वेस्ट जोन में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि 27 मार्च 2026 को टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं का सामने आना जमीनी स्तर पर कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। साथ ही यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि शहर में अवैध हथियारों की उपलब्धता के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।



