पाटन के भरर में उमड़ा जनसैलाब: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी करोड़ों की सौगात, सामूहिक विवाह में गूंजी शहनाई

दुर्ग। जिले के पाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरर (जामगांव-आर) में रविवार को सामाजिक एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तहसील स्तरीय विशाल कर्मा महोत्सव और सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विशेष रूप से शिरकत की। मुख्यमंत्री ने यहां परिणय सूत्र में बंधे 13 नवदंपतियों के सिर पर हाथ रखकर उन्हें सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूरा भरर गांव माता कर्मा के जयकारों और शादी के गीतों से सराबोर रहा।
पाटन के विकास के लिए खोला सरकारी खजाना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मौके पर क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने साहू समाज भवन पाटन में शेड निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की बड़ी घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत भरर में शौचालय, शेड और सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की अलग से मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का साहू समाज सबसे बड़ा और गौरवशाली समाज है और माता कर्मा की भक्ति हमें सेवा की राह दिखाती है। उन्होंने पूर्व सांसद स्वर्गीय ताराचंद साहू को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
मोदी की गारंटी और सुशासन पर जोर
मैदानी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने मंच से सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले 28 महीनों में राज्य में सुशासन की नींव मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब आत्मनिर्भर होकर छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं। इसके अलावा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और बकाया बोनस भुगतान कर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है।
बिजली बिल हाफ और डिजिटल छत्तीसगढ़ की पहल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026’ पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल लंबे समय से बकाया है, उन्हें सरचार्ज में 100 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। लोग ‘मोर बिजली ऐप’ के जरिए इसका लाभ उठा सकते हैं। गौरतलब है कि अब गांव-गांव में अटल डिजिटल केंद्र खोले जा रहे हैं ताकि ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं के लिए भटकना न पड़े। इस दौरान सांसद विजय बघेल, कलेक्टर अभिजीत सिंह और जिला साहू संघ के अध्यक्ष नंदलाल साहू समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।



