धमतरी में सौरभ द्विवेदी का जलवा: युवाओं को दिया ‘सफलता का सीक्रेट’, कहा- अफवाहों से बचें और परिवार को साथ रखें

रायपुर/धमतरी के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित ‘यूथ फेस्ट-2026’ का समापन बेहद यादगार रहा। कार्यक्रम के आखिरी दिन देश के मशहूर पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने शिरकत की। धमतरी की सड़कों से लेकर कॉलेज कैंपस तक युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। सौरभ द्विवेदी ने अपने खास अंदाज में युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने के मंत्र दिए और बताया कि कैसे आज के शोर-शराबे वाले दौर में खुद को शांत और फिट रखा जा सकता है।
मेंटल हेल्थ और परिवार की सलाह सबसे ऊपर
सौरभ द्विवेदी ने छात्र-छात्राओं से सीधी बात करते हुए कहा कि आज के दौर में फिट रहना और पॉजिटिव सोचना ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं को आगाह किया कि वे बाहरी दुनिया की फालतू आलोचनाओं और सोशल मीडिया की भ्रामक बातों में न आएं। उन्होंने साफ कहा कि परिवार ही सबसे बड़ा शुभचिंतक होता है, इसलिए माता-पिता और भाई-बहनों की राय को तवज्जो दें। गौरतलब है कि कार्यक्रम में मेंटल हेल्थ यानी मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया गया, जिसे आजकल की भागदौड़ में युवा अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
विकसित भारत में महिलाओं की भागीदारी जरूरी
मैदानी सूत्रों ने बताया कि सौरभ द्विवेदी ने धमतरी की माताओं और बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ का सपना महिलाओं के बिना अधूरा है। उन्होंने महिलाओं को घर और काम के बीच संतुलन बनाने के साथ-साथ अपनी सेहत का ख्याल रखने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं और बच्चों को टीवी या मोबाइल पर आने वाले लुभावने विज्ञापनों और फेक न्यूज से सतर्क रहने को भी कहा। कार्यक्रम में मौजूद महापौर रामू रोहरा ने विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
दायरा बैंड की धुन पर झूमा धमतरी
बता दें कि 24 अप्रैल से शुरू हुए इस दो दिवसीय फेस्ट में स्टार्टअप, एजुकेशन वर्कशॉप और फूड स्टॉल्स की धूम रही। समापन की शाम दायरा बैंड (जादू बस्तर) की शानदार प्रस्तुति ने समां बांध दिया, जिसे सुनकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस खास मौके पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, डीएफओ कृष्ण जाधव और कॉलेज के प्राचार्य विनोद पाठक समेत भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। यूथ फेस्ट ने न केवल युवाओं की प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि उन्हें जीवन में नई दिशा देने का काम भी किया।



