ChhattisgarhState

करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी 71.48 करोड़ रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव हमारी लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। हमारी सरकार इन गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय अंचलों में विकास की नई संभावनाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ हर गांव, हर परिवार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री श्री साय आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने करमा देव को नमन करते हुए क्षेत्रवासियों को करमा महोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत रघुनाथनगर एवं बरतीकला में मंगल भवन निर्माण, ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना तथा प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रकसगंडा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन तथा चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में सड़क संपर्क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

किसानों की खुशहाली हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करती है और उनके आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर निर्णय ले रही है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिन किसानों की उपज प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम है, उन्हें भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके हितों की रक्षा और खेती को लाभकारी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण प्रदेश की समृद्धि का आधार है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। यह योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का नया आधार बनी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। सुशासन एवं अभिसरण विभाग के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने किया वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ, एक ही छत के नीचे मिलेंगी विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ के ध्येय के साथ शुरू किए गए इस क्लिनिक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

क्लिनिक में जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इस पहल से बुजुर्गों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें एक ही छत के नीचे समुचित देखभाल मिल सकेगी।

लोगों को मिला उपचार, मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों के सेवाभाव को सराहा

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ अंचलों में लोगों, विशेषकर महिलाओं को उनके अपने क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय प्रयास है। उन्होंने सेवाभाव से कार्य कर रहे सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। शिविर में पहुंची महिलाओं ने भी घर के समीप विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

कुपोषण के विरुद्ध ‘बालभोग’ नवाचार से बच्चों के पोषण में सुधार का प्रयास

कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में संचालित विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी 2012 में गठित बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। जिला प्रशासन का विशेष ध्यान दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने पर है।

उन्होंने बताया कि बच्चों में कुपोषण दूर करने के उद्देश्य से जिले में ‘बालभोग’ नवाचार प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर पहुंचकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने इनका सेवन कराती हैं तथा बच्चों की पोषण संबंधी प्रगति का नियमित रिकॉर्ड संधारित करती हैं। यह पहल पोषण सुधार के साथ ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता को भी बढ़ावा दे रही है।

सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ दूरस्थ अंचलों तक पहुंच रहा है और महिलाओं एवं युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अधोसंरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर की अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Chaiपुर
Show More

desk@NU

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button
PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker