छठ पूजा पर घर जाना होगा आसान! 7 पैसेंजर ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त जनरल कोच, 3 ट्रेनों का प्लेटफॉर्म बदला

रायपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल ने विशेष तैयारियां की हैं. यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए बिहार की ओर जाने वाली 3 प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी बदलाव किया गया है. वहीं 7 पैसेंजर ट्रेनों में 2-2 अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे.
बिहार जाने वाली 3 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव
रेलवे के अनुसार, 4 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक बिहार की ओर जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनें रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से रवाना होंगी. इसमें 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस और 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस शामिल है.
इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री गुढ़ियारी साइड के प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंच सकेंगे. रेल प्रशासन ने यात्रियों से निर्धारित अवधि में ट्रेन के प्रस्थान से पहले प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंचने की अपील की है.
7 पैसेंजर ट्रेनों में लगेंगे 2-2 अतिरिक्त कोच
त्योहारी सीजन में यात्रियों को अधिक जगह उपलब्ध कराने के लिए 5 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक सात पैसेंजर ट्रेनों में अस्थायी रूप से दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे. रेलवे के इस फैसले छोटे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी.
- 58201 बिलासपुर-रायपुर पैसेंजर
- 58202 रायपुर-बिलासपुर पैसेंजर
- 58207 रायपुर-जूनागढ़ रोड पैसेंजर
- 58208 जूनागढ़ रोड-रायपुर पैसेंजर
- 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर
- 58205 रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) पैसेंजर
- 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-रायपुर पैसेंजर



