बस्तर से कांग्रेस के दूसरे चरण के प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत, ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन और चुनावी रणनीति का प्रशिक्षण

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी ने अपने दूसरे चरण के प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत बस्तर से कर दी है। कांग्रेस जिला अध्यक्षों के बाद अब ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जगदलपुर के एक निजी रिसोर्ट में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर 3 दिनों तक चलेगा, जिसमें बस्तर संभाग के सातों जिलों के ब्लॉक अध्यक्ष शामिल रहेंगे।
प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव जगदलपुर पहुंचे हैं, उनके साथ पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री मोहन मरकाम और बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल भी शामिल हैं। प्रशिक्षण शिविर में मास्टर ट्रेनर बस्तर संभाग के सातों जिलों के ब्लॉक अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर प्रशिक्षण दे रहे हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने मीडिया से चर्चा में बताया कि यह ट्रेनिंग कांग्रेस के नए संगठनात्मक ढांचे को ढालने की प्रक्रिया है। उदयपुर में जो चिंतन शिविर 2022 में हुआ था, वहां कुछ निर्णय लिए गए थे कि आज के युग के अनुरूप, आज के समय के अनुसार कांग्रेस की गतिविधियों को भी नए सिरे से एक दिशा दी जाए, और उसी के तहत यह सारी प्रक्रियाएं चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि 50 साल से कम उम्र के कम से कम आधे लोग हर कांग्रेस के संगठन में भागीदार बनेंगे। एसटी-एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिलाओं को न्यूनतम 50% आरक्षण हर संगठन में मिलेगा, साथ ही मंडल कांग्रेस कमेटी का भी गठन होगा. वहीं ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की जो सोच है, उसको लागू किया जाएगा और आगामी चुनाव तक ट्रेनिंग प्रोग्राम्स भी लगातार होते रहेंगे। इसके अलावा चयन की प्रक्रिया है, वह और पारदर्शी होगी।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडल कांग्रेस कमेटियों का गठन हो चुका है, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों का और पोलिंग बूथ कांग्रेस कमेटियों का अगला चरण ट्रेनिंग प्रोग्राम का है। बस्तर के बाद छत्तीसगढ़ के अन्य चार संभाग में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए यह प्रशिक्षण काफी महत्वपूर्ण है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से संगठन को मजबूत करने के साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जनसंपर्क करना उद्देश्य है, और हमें खुशी है कि इसकी शुरुआत बस्तर से की जा रही है।



