भाजपा की नई कार्यकारिणी पर गरमाई सियासत, पीसीसी चीफ दीपक बैज बोले- दिग्गज नेताओं को किया जा रहा नजरअंदाज

रायपुर। भाजपा के नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने नई कार्यकारिणी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा और गुटबाजी का आरोप लगाया है.
रूप कुमार चौधरी और दीपक म्हस्के को बैज ने दी बधाई
दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ की सांसद रूप कुमार चौधरी और सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी. बैज ने कहा कि भाजपा के मुख्य संगठन में छत्तीसगढ़ के किसी वरिष्ठ नेता को प्रमुख जिम्मेदारी नहीं दी गई है.
बृजमोहन, चंद्राकर जैसे दिग्गजों को नजरअंदाज करने का आरोप
उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक और राजेश मूणत जैसे भाजपा के कद्दावर नेताओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है. इन्हें मंत्री पद से भी दूर रखा गया और अब राष्ट्रीय संगठन में भी कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिली. इससे स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के साथ-साथ पूरे भाजपा संगठन में गुटबाजी चरम पर है.
नितिन की नवीन टीम में कौन?
भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की लिस्ट में राम माधव, लोकसभा सांसद डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत 13 उपाध्यक्ष शामिल हैं. राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया नियुक्त किए गए हैं. बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बनाए रखा है. अलग-अलग राज्यों से 16 राष्ट्रीय मंत्रियों की अपनी टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज टिग्गा समेत कई नए चेहरों को शामिल किया.
छत्तीसगढ़ से भाजपा ने इन्हें किया शामिल
नितिन नविन की नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिसमें महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. वहीं दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है.



