छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में मानसून अगले तीन से चार दिनों के भीतर पहुंचने की संभावना है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, लेकिन बढ़ी हुई उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी सात दिनों के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो मुंगेली में 5 सेंटीमीटर और दरभा में 4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।


