बागबहार-कोतबा सड़क निर्माण में आई रफ्तार, 39.76 करोड़ की परियोजना से बेहतर होगी कनेक्टिविटी

10 किलोमीटर में चौड़ीकरण पूरा, 6 पुलियों का निर्माण भी समाप्त; अक्टूबर 2026 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
रायपुर। जशपुर जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में बागबहार-कोतबा सड़क परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। करीब 39.76 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम निर्धारित समय-सीमा के अनुसार जारी है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार बागबहार-कोतबा मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 30 सितंबर 2025 को मेसर्स अभय कंस्ट्रक्शन, जशपुर को कार्यादेश जारी किया गया था। इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना को अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 10 किलोमीटर हिस्से में सबग्रेड स्तर तक सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा हो चुका है। बागबहार की ओर से जीएसबी (Granular Sub Base) का कार्य भी शुरू हो गया है। यह सड़क निर्माण का महत्वपूर्ण चरण होता है, जिसमें सड़क की मजबूत नींव तैयार की जाती है। करीब एक किलोमीटर हिस्से में यह कार्य पूरा कर लिया गया है।
परियोजना के तहत मार्ग पर बनने वाली 6 पुलियों का निर्माण भी पूरा हो चुका है। वहीं शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसी लगातार काम कर रही है। विभाग का कहना है कि निर्माण के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सड़क पर बने गड्ढों की अस्थायी मरम्मत भी कराई जा रही है, जिससे यातायात सुचारू बना रहे।
स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क बनने के बाद क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। इससे बागबहार, कोतबा और आसपास के गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों का सफर आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र को उच्च गुणवत्ता वाली, टिकाऊ और सुरक्षित सड़क मिलेगी। इससे जशपुर जिले की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।




