रिलायंस की कमान नई पीढ़ी को! मुकेश अंबानी बोले- डेली मैनेजमेंट ट्रांसफर लगभग पूरा
नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कंपनी के भविष्य और उत्तराधिकार को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि रिलायंस में रोजमर्रा के प्रबंधन की जिम्मेदारियों का हस्तांतरण लगभग पूरा हो चुका है। इससे साफ है कि देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में से एक रिलायंस इंडस्ट्रीज में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है।
कंपनी की वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने बताया कि उनके तीनों बच्चे आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी अब समूह के प्रमुख कारोबारों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आकाश कंपनी के टेक्नोलॉजी और डिजिटल बिजनेस का नेतृत्व कर रहे हैं। ईशा रिटेल कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं, जबकि अनंत ऊर्जा और ग्रीन एनर्जी से जुड़े पोर्टफोलियो की कमान संभाल रहे हैं।
रिलायंस का भविष्य सुरक्षित हाथों में
मुकेश अंबानी ने कहा कि अगली पीढ़ी का नेतृत्व कंपनी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तैयार है। उन्होंने अपने तीनों बच्चों को लेकर कहा कि वे अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, लेकिन उनका लक्ष्य एक ही है। रिलायंस का विकास और विस्तार।
अंबानी ने कहा कि कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में 30 से 40 वर्ष आयु वर्ग के करीब 500 युवा लीडर्स को भी तैयार किया है। ये युवा नेतृत्व टीम विभिन्न बिजनेस सेक्टर में नई सोच और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है।
अभी भी सक्रिय भूमिका में हैं अंबानी
मुकेश अंबानी ने स्पष्ट किया कि वे अभी भी कंपनी के बड़े फैसलों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, रोजमर्रा के संचालन की जिम्मेदारियां अब नई पीढ़ी को सौंपी जा रही हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल अप्रैल 2029 तक है।
गौरतलब है कि मुकेश अंबानी 1977 में रिलायंस के बोर्ड से जुड़े थे। वर्ष 2002 में धीरूभाई अंबानी के निधन के बाद उन्होंने कंपनी की कमान संभाली। अब पहली बार उन्होंने सार्वजनिक रूप से संकेत दिया है कि रिलायंस की अगली पीढ़ी नेतृत्व के लिए पूरी तरह तैयार है।



