फालता थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान हिंसा का मामला, TMC नेता जहांगीर खान की पत्नी गिरफ्तार, पुलिस थाने पर हमले और हंगामे का आरोप

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े नेता जहांगीर खान के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में शनिवार सुबह पुलिस ने जहांगीर खान की पत्नी सरीना बीबी को गिरफ्तार कर लिया। उन पर फालता पुलिस स्टेशन के बाहर भीड़ जुटाने, प्रदर्शन करने और पुलिस व केंद्रीय सुरक्षा बलों पर हमले के लिए लोगों को उकसाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून को फालता थाने के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक एकत्र हुए थे। इस दौरान विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया और जहांगीर खान को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की कोशिश की। इस मामले में अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दरअसल, जहांगीर खान को 8 जून को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का दावा है कि वह देश छोड़ने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे कई बार फालता इलाके में ले जाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में उसकी सार्वजनिक परेड कराई गई। इस दौरान वह लोगों से हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगता नजर आया।
फालता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके जहांगीर खान का नाम पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान वह अपने बयानों और प्रचार शैली को लेकर चर्चा में आया था। चुनाव से ठीक पहले उसने मैदान छोड़ने का फैसला कर लिया था।
थाने पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



