रायगढ़ में 91 करोड़ रुपये से बन रहा इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया निरीक्षण

18 खेलों की आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध, निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
रायगढ़। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित ग्राम लोहरसिंग में निर्माणाधीन इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

रायगढ़ में 91 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से करीब 34 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। हाल ही में यहां प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टाफ रूम और पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने इन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, स्विमिंग पूल और इंडोर स्टेडियम सहित 18 विभिन्न खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे रायगढ़ और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा।
अरुण साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सहायक संचालक प्रतिमा सागर को जिले में खेल संघों का गठन करने और खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष सहयोग दिया जाए, ताकि वे आगे भी प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। रायगढ़ का यह आधुनिक Sports Complex भविष्य में क्षेत्र का प्रमुख खेल केंद्र बनेगा। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की भी संभावना रहेगी।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इससे युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह छत्री, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।



