पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर की एयरस्ट्राइक, 11 बच्चों समेत 13 की मौत; तालिबान ने लगाया संप्रभुता उल्लंघन का आरोप

काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। तालिबान सरकार का दावा है कि मंगलवार रात पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में एयरस्ट्राइक की। इन हमलों में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं घायल हुई हैं।
तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करते हुए कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। उनके अनुसार बमबारी आम नागरिकों के घरों पर की गई, जिससे भारी नुकसान हुआ। तालिबान प्रशासन ने हमले के बाद घायल लोगों की तस्वीरें भी जारी की हैं।
हालांकि पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से इस कथित एयरस्ट्राइक को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में हमले के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
दरअसल, यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब दोनों देशों के बीच सीमा विवाद और सुरक्षा मुद्दों को लेकर लगातार तनाव बना हुआ है। बीते कई महीनों से सीमा क्षेत्रों में गोलीबारी और सैन्य गतिविधियां बढ़ी हैं।
एक दिन पहले ही पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक सीमा चौकी पर हुए हमले में छह सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई थी। पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया था कि हमलावरों ने चौकी पर कब्जा करने की कोशिश की थी, जिसमें आठ आतंकवादी भी मारे गए।
पाकिस्तान लंबे समय से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) पर कार्रवाई की बात करता रहा है। उसका आरोप है कि संगठन के लड़ाके अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में हमले करते हैं। दूसरी ओर, तालिबान सरकार इन आरोपों को खारिज करती रही है और पाकिस्तान पर अफगानिस्तान की संप्रभुता के उल्लंघन का आरोप लगाती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ताजा घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के रिश्तों में और तनाव बढ़ सकता है। सीमा सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंता भी गहरा गई है।



