सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे सपेरा बस्ती, पीएम आवास निर्माण का लिया जायजा

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को बरमकेला विकासखंड के ग्राम भीखमपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने सपेरा बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण किया और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सवरा (सपेरा) जनजाति के परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन पीएम आवासों का अवलोकन करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास और जनकल्याण का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हर पात्र परिवार को पक्का और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी स्वीकृत आवासों और अन्य विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले करीब 35 वर्षों से कच्चे मकानों में रह रहे थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब उनका पक्का घर का सपना पूरा हो रहा है। हितग्राहियों ने कहा कि पहली बार उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक आवास में रहने की उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राही रमाबाई सिदार को बैसाखी प्रदान कर सहायता की। साथ ही बच्चों को चॉकलेट बांटकर उनसे आत्मीय बातचीत की। मुख्यमंत्री के इस सहज और मानवीय व्यवहार से ग्रामीणों में खास उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में 68 परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास, सीसी रोड और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुंच रहा है।
वर्ष 2024-25 में 25 आवास, वर्ष 2025-26 में 14 आवास तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 14 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 10 अन्य पात्र परिवारों को आवास प्लस 2.0 सर्वे में शामिल किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर जीवन और विकास की नई उम्मीद मिली है।



