सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भीखमपुरा में लगाई जनचौपाल, ग्रामीणों को दी कई बड़ी सौगातें

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम भीखमपुरा पहुंचे। यहां आयोजित जनचौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पारंपरिक खाट पर बैठकर ग्रामीणों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से रूबरू हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का सही मूल्यांकन तभी संभव है, जब सरकार सीधे लोगों के बीच जाकर उनकी जरूरतों और सुझावों को समझे। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में जनचौपाल और समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और महिला स्व-सहायता समूहों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
ग्रामीणों की मांगों पर मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सपेरा समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन, बस्ती क्षेत्र में मंगल भवन, गांव की आंतरिक गलियों में सीसी रोड निर्माण और चंडी मंदिर के पास स्थित डबरी तालाब के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। साथ ही प्राथमिक शाला का नामकरण पंडित हृदयानंद पाणिग्राही के नाम पर करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का भीषण गर्मी में गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करना उनकी संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन और विकास की नई मिसाल कायम हो रही है।



