Malviya Nagar Fire: होटल मालिक लवकेश बजाज 4 दिन की पुलिस रिमांड पर, अग्निकांड की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल अग्निकांड मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार करने के बाद गुरुवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भानु प्रताप सिंह की अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से चार दिन की कस्टडी की मांग की थी। पुलिस का कहना है कि हादसे से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच अभी बाकी है। कोर्ट ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए आरोपी को रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
इस बीच मामले में होटल का मैनेजर जय मिश्रा अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि मैनेजर की गिरफ्तारी के बाद कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल ने पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। वहीं दिल्ली सरकार ने भी घटना की विस्तृत जांच के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया है। यह समिति अग्निकांड के कारणों, सुरक्षा मानकों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह मालवीय नगर के फ्लोरिश स्टे होटल में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में 11 विदेशी नागरिकों समेत कुल 21 लोगों की मौत हो गई थी। कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।



